सीएम के गृह जिले सीहोर में जिला मुख्यालय के एसडीएम राजकुमार खत्री पर एक महिला ने अपने अधिकारों का दुरुपयोग करने का आरोप लगाया है. एसडीएम द्वारा पारित निर्णय की आड़ लेकर महिला के परिजनों ने पुलिस और गुंडों की मदद लेकर दिन दहाड़े महिला की गृहस्थी का सारा सामान सड़क पर फेंक दिया और उसे दर-दर की ठोकरें खाने पर मजबूर कर दिया. अब दिन में दफ्तरों के बेंचो पर तो रातें जिला अस्पताल में काटकर यह महिला अपने 3 मासूम बच्चों के जीवन के लिए संघर्ष कर रही है. दबंगों के कहर से घबराए इसके पति पिछले एक माह से गायब हैं.अब अपने ही परिजनों की दबंगई और प्रशासन की लापरवाही से घर से बेघर हुई मनीषा अपने मासूम बेटी और बेटे की खातिर इन्साफ की लड़ाई लड़ रही है. महिला का कहना है कि अब उसके पास रहने के लिए घर नहीं है. उसके पास कोई नौकरी भी नहीं है. उसके दो छोटे-छोटे बच्चे भूखे हैं. उसके पति भी अब उसके साथ नहीं हैं. वह सरकार से अपनी मदद किए जाने की गुहार लगा रही है.
दरअसल सीहोर के मंडी थाने के संजय नगर क्षेत्र में रहने वाली मनीषा अपने पति मुकेश गहलोत के पैतृक मकान में रहती है. ऐसे में पारिवारिक विवाद में उसकी सास ने एसडीएम राजकुमार खत्री के कोर्ट में मुकदमा कर दिया. इस मामले में आखिरकार एसडीएम राजकुमार खत्री द्वारा पारित निर्णय के आधार पर मंडीथाना पुलिस ने मकान खाली कराकर मनीषा और उसके परिवार को एकदम सड़क पर ला दिया. परेशान मनीषा का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में उसके परिजनों ने किराए के गुंडे बुलाकर उनके साथ जमकर मारपीटी की. भयभीत महिला अब एकदम अकेली अपनी एक बेटी और एक बेटे के साथ सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगा रही है.चौंकाने वाली बात ये है कि पीड़ित महिला ने नसरुल्लागंज के भादाकुई गांव में अपनी आपबीती सीएम को बताया और सीएम ने तत्काल प्रशासन को समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया. मगर हकीकत में ऐसा कुछ हुआ नहीं. महिला का कहना है कि प्रशासनिक अधिकारी टालमटोल कर रहे हैं.
वहीं इस मामले पर सीहोर जिला मुख्यालय के एसडीएम राजकुमार खत्री ने कहा कि यह पारिवारिक विवाद है. इसमें मकान पर अधिकार पाने को लेकर विवाद बना हुआ है. मगर घर मनीषा गहलोत के बड़े भाई का है. शायद बड़े भाई के बच्चों द्वारा मनीषा गहलोत को बाहर किया गया है. इसकी रिपोर्ट लिए जाने के बाद ही कार्रवाई की जा सकेगी.
from Latest News मध्य प्रदेश News18 हिंदी https://ift.tt/2JemkEO
No comments:
Post a Comment